CM ने AC बंद कराए, बोले- सर्दी के दिन हैं, जब जरूरत हो तभी बिजली खर्च करो

भोपाल में आज से इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल की शुरुआत हुई। मौलाना आजाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (मैनिट) में फेस्टिवल 24 जनवरी तक चलेगा। CM शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह, मध्यप्रदेश सरकार में विज्ञान और प्रौद्योगिकी की मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने इसकी शुरुआत की।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रोग्राम हॉल के AC बंद करा दिए। CM ने कहा, सर्दी के दिन हैं। कोट-पैंट पहनकर सब आए हैं, उसमें ये AC चलाने की क्या जरूरत है। प्रधानमंत्री ऊर्जा बचाने के पक्षधर हैं। जब जरूरत हो तभी बिजली खर्च करो।

मुख्यमंत्री ने कहा, मैनिट मध्यप्रदेश का गौरव है। मैनिट भारत की शान है। भारत की सोच ही वैज्ञानिक है। इनोवेटिव और साइंटिफिक सोच, ये भारत की संस्कृति, माटी और यहां की जड़ों में है।

हजारों साल पहले से विज्ञान और प्रौद्योगिकी में भारत आगे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे वैज्ञानिकों ने चमत्कार किया। प्रधानमंत्री मोदी का आभारी हूं। अगर वैक्सीन नहीं होती, तो आज आप सभी के मुंह पर मास्क होते। ये प्रधानमंत्री का ही चमत्कार है कि आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का निर्माण हो रहा है। भारत के निर्माण में साइंस, टेक्नॉलोजी, इनोवेशन का महत्वपूर्ण रोल है। प्रधानमंत्री की सोच पूरी तरह साइंटिफिक है।

Source:-bhaskar

Leave a Comment